Home > विदेश > अमेरिका ने दूसरी बार उठाएं अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सवाल, भारत ने लगाई फटकार

अमेरिका ने दूसरी बार उठाएं अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सवाल, भारत ने लगाई फटकार

भारत पहले भी इस मामले में अमेरकी राजदूत के सामने नाराजगी व्यक्त कर चुका है

अमेरिका ने दूसरी बार उठाएं अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सवाल, भारत ने लगाई फटकार
X

नईदिल्ली। भारत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और कांग्रेस पार्टी के कुछ बैंक खातों पर रोक लगाए जाने के मामले में अमेरिका की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि देश की न्याय प्रणाली में किसी अन्य देश की दखलंदाजी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने बुधवार रात प्रेस ब्रीफिंग में कहा- हम अपने स्टैंड पर कायम हैं और इससे किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। हम उम्मीद करते हैं कि मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर कानूनी प्रक्रिया पूरी हो।अमेरिका ने इसके अलावा कांग्रेस पार्टी से जुड़े बैंक अकाउंट्स फ्रीज किए जाने पर भी बयान दिया। मैथ्यू मिलर ने कहा- कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाए हैं कि टैक्स अथॉरिटी ने उनके बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं। इससे उन्हें चुनाव कैंपेन चलाने में दिक्कतें हो सकती हैं। हम उम्मीद करते हैं कि निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।

बाहरी देश की टीका-टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य

अमेरिकी प्रवक्ता के इस बयान पर भारत के कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय का नया बयान अनावश्यक है। भारत के चुनावी और न्यायिक प्रक्रिया में किसी बाहरी देश की टीका-टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भारत की न्याय प्रणाली विधि के शासन पर आधारित है। ऐसी ही व्यवस्था वाले देशों विशेषकर लोकतांत्रिक देशों को यह बात समझनी चाहिए। भारत को अपने स्वतंत्र और सक्रिय लोकतांत्रिक संस्थानों पर गर्व है। प्रवक्ता ने कहा कि भारत अपनी इन संस्थाओं को अनावश्यक बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत ने जताया विरोध -

प्रवक्ता ने अमेरिका को सलाह दी कि परस्पर सम्मान और समझदारी अंतरराष्ट्रीय संबंधों का आधार है। विभिन्न देशों से यह अपेक्षा है कि वे अन्य देशों की संप्रभुता और आंतरिक कार्य प्रणाली का सम्मान करें।विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसकी ओर से बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के अधिकारी से विरोध दर्ज किया गया था।

कार्रवाई पर सवाल -

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस सप्ताह दो बार केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर भारत में की गई कार्रवाई पर सवाल खड़ा किया था। भारत की ओर से बुधवार को अमेरिकी राजनयिक को तलब कर विरोध दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने फिर अपने बयान को दोहराया, साथ ही इसमें कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों पर रोक लगाये जाने की बात भी जोड़ दी।

Updated : 28 March 2024 1:19 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top